पाटलिपुत्र कोचिंग कॉम्प्लेक्स का काम कोरोना काल में ठप है। हालत यह है कि काम के लिए लाए गए जेसीबी, लोहे के छड़ समेत अन्य निर्माण सामग्री पड़े-पड़े जंग खा रहे हैं। 2019 में ही सिविल वर्क पूरा होने और उसके बाद साल के अंततक कॉम्प्लेक्स फंक्शनल होने की डेडलाइन थी। लेकिन, मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह संभव नहीं लगता। अब 2020 भी बीतने वाला है और काम बंद है।
दानापुर से पाटलिपुत्र जंक्शन के बीच रूपसपुर-जलालपुर से आगे महावीर नगर में रेलवे लाइन के किनारे पाटलिपुत्र कोचिंग कॉम्प्लेक्स निर्माणाधीन है। जबकि काम के नाम पर एक वाशिंग पिट का एप्रन तैयार है, पर फिनिशिंग बाकी है। रेलवे लाइन से कोचिंग कॉम्प्लेक्स को जोड़ने वाली कनेक्टिंग लाइन व दो शटिंग लाइन का काम लगभग पूरा हो गया है।
उस पर लाइन बिछेगी और दाेनाें तरफ प्लेटफाॅर्म बनेगा। दाे शंटिंग लाइन एक पिट लाइन में घुसने और दूसरी निकलने के लिए होगी। दाे तल्ले की एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग का काम भी 80 फीसदी पूरा हो चुका है। लेकिन, कोरोना संकट के कारण काम अभी बंद है।
30 जून, 2017 को पूर्व मध्य रेल के तत्कालीन जीएम डीके गायेन ने कोचिंग कॉम्प्लेक्स का कार्यारंभ किया था। मार्च, 2019 तक इस योजना का सिविल कार्य संपन्न होने की डेडलाइन थी। इसके बाद जून-जुलाई तक ट्रेनों का मेंटेनेंस शुरू होने का दावा किया गया था। लेकिन, जो मौजूदा स्थिति है।
वर्ष 2020 ही नहीं 2021 के अंत तक भी यह कोचिंग कॉम्प्लेक्स चालू हो जाए तो दानापुर रेलमंडल की बड़ी उपलब्धि होगी।राजेंद्रनगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स पर ट्रेनाें का ज्यादा लाेड है। नई ट्रेनों के लिए जगह नहीं है। पाटलिपुत्र कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनने के बाद पहले फेज में यहां रोज 26 कोच वाली 6 ट्रेनों का रखरखाव हो सकेगा। यानी लगभग 150 कोच प्रतिदिन धुल सकेंगे।
कई ट्रेनें पाटलिपुत्र की बजाय दानापुर से खुल रहीं
पाटलिपुत्र कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा नहीं होने से संघमित्रा व पाटलिपुत्र-पुणे एक्सप्रेस दानापुर से खुल रही हैं। अभी पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र-यशवंतपुर एक्सप्रेस पाटलिपुत्र से खुलती है। ये दाेनाें ट्रेनें खुलती ताे पाटलिपुत्र से हैं, पर धुलने के लिए दानापुर जाती हैं। पाटलिपुत्र काेचिंग काॅम्प्लेक्स शुरू नहीं हाेने के कारण आधा दर्जन से अधिक ट्रेनाें काे पाटलिपुत्र जंक्शन पर शिफ्ट करने में देर हाे रही है।
जानकारों के अनुसार जब यह कोचिंग कॉम्प्लेक्स चालू हो जाएगा तो प्रतिदिन एक से डेढ़ दर्जन ट्रेनें यहां धुल सकेंगी और मेंटेनेंस भी होगा। अभी दानापुर स्टेशन, पटना जंक्शन पर कुछ ट्रेनों का प्राइमरी मेंटेनेंस होता है। राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग कॉम्प्लेक्स में ट्रेनों की साफ-सफाई के साथ कई स्तर पर मेंटेनेंस होता है। राजेंद्र नगर में ट्रेनों का अधिक दबाव रहने के कारण ट्रेनों के मेंटेनेंस पर असर पड़ता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2T1mTFh

0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box