शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना के साथ मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। इस दौरान शहर के शक्ति स्थलों में सुबह से ही श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचने लगे थे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मंदिरों में भक्ताें ने पूजा की। इसके अलावा घरों में भी पंडितों ने विधि-विधान से कलश स्थापना कराई। रमना स्थित राज राजेश्वरी देवी मंदिर में सुबह साढ़े छह बजे मां की विधि-विधान से आरती की गई।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष माता के दर्शन और पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। वहीं, कई मंदिरों में बिना मास्क वाले श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर से मास्क भी दिए गए।
गोला रोड स्थित दुर्गा स्थान मंदिर, बीएमपी-6 स्थित दुर्गा मंदिर, मां बगलामुखी पीतांबरी सिद्ध पीठ मंदिर, भिखनपुरा स्थित मां मनोकामना दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा स्थित बाबा श्री सर्वेश्वरनाथ सह महामाया स्थान मंदिर, खंडेश्वरी माता मंदिर एवं बैरिया स्थित अपराजिता मंदिर समेत शहर के सभी देवी मंदिरों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
साहेबगंज और औराई में भी शारदीय नवरात्र पर हुई पूजा
साहेबगंज आढ़त बाजार दुर्गा मंदिर प्रांगण में आचार्य निरंजन पाण्डेय ने माता शैलपुत्री के आह्वान के साथ शारदीय नवरात्र व्रत का शुभारंभ कराया। इस मौके पर यजमान कन्हाई प्रसाद, दीनानाथ प्रसाद, अशोक कुमार, मनीष तिवारी, निशांत अग्रहरी, सोहन दास,टूनी प्रसाद आदि उपस्थित थे। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार मां दुर्गा की अस्थायी प्रतिमा स्थापित करने व पंडाल लगा कर पूजा करने के साथ मेले के आयोजन पर रोक है। जहां पर पूर्व स्थायी प्रतिमा स्थापित है, वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना गाइडलाइन के तहत पूजा होनी है।
कलश यात्रा से पूर्व कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा
औराई प्रखंड में विभिन्न जगहों पर कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की पूजा आरंभ हो गई। औराई बाजार स्थित मां दुर्गा पुजा समिति की ओर से कन्याओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। लखनदेई नदी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलबोझी करने बाद कलश यात्रा पुन: पूजा स्थल पर पहुंची, जहां कलश स्थापना कराया गया। साथ ही बैगना, बसुआ, रामपुर, पानापुर, धरहरवा, रामखेतारी समेत कई जगहों पर कलश यात्रा निकाली गई।
भष्मीदेवी मंदिर व छिन्नमस्तिका मंदिर में नवरात्र पूजन शुरू
कलश स्थापना के साथ शक्ति उपपीठ भष्मीदेवी मंदिर व छिन्नमस्तिका मंदिर में नवरात्र पूजन शुरू हो गया। भष्मीदेवी मंदिर में पुजारी पंडित रविशंकर दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना व प्रथम दिन का पूजन संकल्पित यजमानों को कराया। शाम में आरती भी हुई। इस बार मंदिर में प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं को मां भष्मीदेवी की प्रतिमा को छूने की अनुमति नहीं है। मास्क के बगैर मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। कटरा में शनिवार को कलश स्थापना के साथ ही दस दिवसीय नवरात्र पर्व की शुरुआत हो गई है। ऐतिहासिक चामुंडा मंदिर समेत अन्य पूजा स्थलों में दुर्गा सप्तशी के मंत्र गूंजने लगे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31i57ly

0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box