स्वस्थ हाे चुके कोरोना मरीजाें काे हाेने वाली अन्य परेशानी के इलाज के लिए आईजीआईएमएस ने पोस्ट कोविड क्लिनिकल बोर्ड की व्यवस्था की है। इस क्लिनिकल बोर्ड में सभी विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे। यह सुविधा हर शनिवार को मिलेगी। मरीज इस क्लिनिकल बोर्ड के ओपीडी (रूम नंबर एएक्स-31) में आएगा और उसकी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे।
मरीज को एक ही जगह पर सभी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होंगे। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष मंडल के मुताबिक पोस्ट कोविड मरीजाें की सभी समस्याओं के एक ही जगह समाधान के लिए इसकी व्यवस्था की गई है। इसमें मेडिसिन, पल्मो मेडिसिन, न्यूरो मेडिसिन, कार्डियोलॉजी और मनोरोग विभाग के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। पोस्ट कोविड मरीज में अमूमन कमजोरी, खांसी, दम फूलना, भूख नहीं लगना, चक्कर आना और मनोवैज्ञानिक दबाव वाली प्रवृत्ति आती है।
ट्रांसप्लांट मरीजों के लिए ओपीडी
इसके अलावा विभिन्न अंगों का ट्रांसप्लांट कराने वाले मरीजों के लिए अलग ओपीडी की व्यवस्था की गई है। ट्रांसप्लांट के मरीज को किसी तरह की परेशानी हो तो वे आकर इस ओपीडी में इलाज करा सकेंगे। खासकर लिवर, किडनी और कोर्निया ट्रांसप्लांट के मरीजों के लिए यह व्यवस्था की गई है। लिवर ट्रांसप्लांट के मरीजों को यह सुविधा हर शनिवार को मिलेगी। वहीं कोर्निया ट्रांसप्लांट के मरीजों के लिए यह सुविधा बुधवार और शनिवार को मिलेगी। किडनी ट्रांसप्लांट के मरीजों को सुविधा बुधवार और शनिवार काे मिलेगी।
पटना में मिले 237 काेराेना मरीज
पटना जिले में शुक्रवार को 237 काेराेना मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49149 हो गई है। इनमें 46766 मरीज ठीक हाे चुके हैं। अभी 2003 एक्टिव केस हैं। पीएमसीएच में 1158 सैंपल की जांच में पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एम्स में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। शुक्रवार को ऑक्सीजन हटा दिया गया। यह जानकारी कोरोना को नोडल अफसर डॉ. संजीव कुमार ने दी।
एम्स में नौ नए मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें पांच पटना के हैं। स्वस्थ होने पर पटना के डॉ. सच्चिदानंद कुमार समेत आठ मरीजों को छुट्टी दी गई। वहीं तीन मरीजों की मौत हाे गई। मृतकाें में गया के रमेश प्रसाद, अरवल के श्याम गुप्ता और यूपी के रंधीर कुमार सिंह शामिल हैं। एम्स में अभी 130 मरीज भर्ती हैं। पटना एम्स में शुक्रवार काे कोरोना की ट्रायल वैक्सीन लेने के लिए तीन लोग ही आए।
विदेश से आए और चार लोगों की हुई पहचान
विदेश से आए और चार लोगों की पहचान हुई हैं। इनमें दो लोग जांच करा चुके थे, जबकि दो का सैंपल लिया गया है। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। सिविल सर्जन डॉ. वीभा कुमारी सिंह ने बताया कि विदेश से आए 93 लोगों में 44 का पहले ही सैंपल लिया जा चुका है। सिविल सर्जन के मुताबिक अभी किसी सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। उन्होंने बताया कि 19 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया था। उसी में चार लोगों की पहचान हुई है। विदेश से आए 25 लोग पटना से बाहर हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3o8mTB9
0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box