नगर निगम प्रशासन की ओर से कूड़ा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष रूप से कार्रवाई तेज हो गई है। नगर निगम के स्तर पर अब कूड़ा के उठाव की निगरानी कराई जाएगी। इसके लिए नियंत्रण कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष में हर मुहल्ले में जाने वाली कूड़ा गाड़ियों की निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, वार्ड कार्यालय में सभी सफाई कर्मचारियों का आना जरूरी होगा।
वार्ड कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाएगी। इसमें सभी कर्मचारियों को हाजिरी बनाना होगा। इसी के आधार पर उनके वेतन का निर्धारण होगा। नगर निगम प्रशासन ने इस संबंध में विशेष रूप से दिशा-निर्देश जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। हर कूड़ा उठाव गाड़ी के परिचालन पर भी नजर रखी जाएगी।
पटना नगर निगम सफाई के मामले में लगातार पिछड़ता रहा है। सफाई पर खर्च के बाद भी व्यवस्था में सुधार न हो पाने के मामले को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। वार्डों में सफाई मजदूरों की प्रतिनियुक्ति के बाद भी उपस्थिति का मामला लगातार उठता रहा है। हर घर से कूड़ा का उठाव भी नियमित तौर पर नहीं होता है।
गलियों व मुहल्लों में नियमित झाड़ू लगाने का कार्य भी नहीं हो पाता है। इन तमाम मसलों से निपटने के लिए नए साल में नई व्यवस्था को लागू किए जाने की तैयारी की जा रही है। निगम मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम में तमाम अंचलों व वार्डों में लगने वाली बायोमेट्रिक मशीन को कनेक्ट किया जाएगा। देखा जाएगा कि वार्डों में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों की उपस्थिति सही प्रकार से हो पाती है या नहीं। मुहल्लों में कर्मचारियों का अब जाना अनिवार्य होगा।
अगर वे निर्धारित वार्ड में समय पर नहीं पहुंचेंगे और सफाई कार्य नहीं करेंगे तो इसके बारे निगम प्रशासन को सीधे जानकारी मिलेगी। इसके बाद कर्मचारियों व अन्य संबंधित पदाधिकारियों से इस संबंध में कारण पूछा जाएगा। निगम प्रशासन की ओर से आम लोगों से भी फीडबैक लिया जाएगा। उनसे जानकारी हासिल की जाएगी कि निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था से वे कितने संतुष्ट हैं। लोगों की शिकायत आने की स्थिति में उसमें सुधार की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत कोषांग में भी अब आएगा सुधार
नगर निगम प्रशासन शिकायत कोषांग में आने वाली शिकायतों को दूर नहीं किए जाने के मामलों को लेकर भी गंभीर है। इस मामले में नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने भी कोषांग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने अब शिकायत कोषांग की स्थिति में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। निगम प्रशासन एजेंसी के माध्यम से शिकायत कोषांग के संचालन की कार्रवाई की जाएगी। इससे लोगों की शिकायत को दूर किया जाएगा।
साथ ही, कर्मचारियों की अनुपस्थिति के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। मेयर सीता साहू ने कहा कि नए साल में नगर निगम नई ऊर्जा व नई योजनाओं पर कार्य करेगा। नगर निगम का संकल्प नए साल में स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करना है। पर्यावरण में सुधार और जल जीवन हरियाली योजना के तहत हरित पटना बनाने की योजना को लागू कराने की कोशिश होगी। कूड़ा उठाव की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी भी कर ली गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hy3qav
0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box