बाइक सवार अपराधियों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी एंबीशन होम प्राइवेट लिमिटेड के कर्मी संजय प्रसाद गुप्ता से 1.50 लाख रुपए छीन लिए। संजय एग्जीबिशन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से रकम निकालकर दफ्तर लौट रहे थे। लवकुश टावर की तरफ से रोड क्रॉस कर अपने ऑफिस की तरफ पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो अपराधी उनके पास आए और बैग झपटकर भाग निकले। संजय के लिखित बयान पर गांधी मैदान थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। थानेदार रंजीत वत्स ने कहा कि छानबीन की जा रही है। फुटेज से अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
जेब में रखे 50 हजार बचे
कंपनी के एमडी दिलीप मित्तल ने कहा कि संजय पैसे लेकर ऑफिस आ रहा था। 50 हजार रुपए उसकी जेब में थे। 1.50 लाख रुपए झोला में रखे थे। घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी यूटर्न लेकर संजय के पास पहुंचे। इसका मतलब यह हुआ कि अपराधी काफी देर से संजय पर नजर रख रहे थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। फुटेज में ब्लैक कलर की बाइक पर दो अपराधी दिख रहे हैं।
चिरैयांटाड़ की तरफ भागे अपराधी
जिस जगह घटना हुई उससे कुछ ही कदम की दूरी पर पुल के दोनों छोर पर पुलिस रहती है। इसके बाद भी दोनों अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। पैसा छीनने के बाद गलत दिशा से चिरैयाटांड़ की तरफ भाग गए। जबकि पुलिस सतर्क रहती तो गलत दिशा में बाइक चलाने के कारण भी पकड़ सकती थी।
कोढ़ा गैंग की बढ़ी धमक
छिनतई के तरीके साफ है कि कोढ़ा गैंग फिर सक्रिय हो गए हैं। कोढ़ा गैंग के शातिर बैंक और एटीएम के आसपास ही मंडराते रहते हैं और पैसे लेकर निकल रहे लोगों का बैग झपट कर फरार हो जाते हैं। हाल के दिनों में शातिर पीरबहोर, दानापुर, पटना सिटी आदि इलाकों में छिनतई की घटना को अंजाम दे चुका है। कुछ ही दिन पहले शातिरों ने पीरबहोर थाना इलाके में पटना विवि के पास रिटायर्ड इंजीनियर से दो लाख रुपए झपट लिए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GNkXx6

0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box