मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में बड़ी फैक्टरी नहीं है, फिर भी बिहार की तरक्की हो रही है और प्रति व्यक्ति आमदनी भी बढ़ रही है, इसका कारण आप सभी लोग हैं। नीतीश, गुरुवार को गंगा प्रसाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय (दमगाड़ा, पूर्णिया) में जीविका (ग्रामीण विकास विभाग) द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा-हमारा लक्ष्य जीविका समूहों के कार्यों को और अधिक विस्तारित करना है। उन्होंने दीदियों से आग्रह किया-नई पीढ़ी को मिसगाइड न होने दें, इससे रोकें। कुछ लोग इन्हें गुमराह कर गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश में हैं।
बैंकिंग के काम के बारे में दीदियों को पढ़े-लिखे लोगों से ज्यादा जानकारी
मुख्यमंत्री ने विस्तार से बताया कि कैसे 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर जीविका समूह शुरू किया गया और कैसे अब इसकी संख्या 10 लाख से भी ज्यादा हो गई है। इन समूहों से 1 करोड़ 20 लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य तय था, आज इससे ज्यादा महिलाएं इससे जुड़कर काम कर रही हैं।
दीदियों को बैंकिंग प्रणाली के विषय में जितनी जानकारी है, उतना पढ़े लिखे लोगों को भी नहीं है। जीविका समूहों के कारण महिलाएं काफी जागृत और प्रेरित हो रही हैं। यहां एग्रो प्रोड्यूसर ग्रुप द्वारा बहुत अच्छा काम हो रहा है। बड़े पैमाने पर मक्के की खेती हो रही है, इसका लोगों को लाभ मिल रहा है।
हमने पंचायती राज एवं नगर निकाय के चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया, इससे महिलाओं में काफी जागृति आयी है। साइकिल, पोशाक योजना बेहतरीन परिणाम सामने हैं। पिछले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में लड़कियों की संख्या लड़कों से भी ज्यादा थी।
सबको यहीं मिलेगा रोजगार का मौका
मुख्यमंत्री ने कहा-लॉकडाउन के कारण जितने लोग बिहार आए हैं, हम चाहते हैं कि उन्हें यहीं रोजगार का अवसर प्राप्त हो, मजबूरी में किसी को बाहर नहीं जाना पड़े। यहां आये लोगों द्वारा पश्चिम चंपारण में अन्य चीजों के अलावा कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में काफी अच्छा काम शुरू हुआ है।
स्टॉल को देखा
मुख्यमंत्री ने स्टॉल एवं प्रदर्शनी को देखा। मक्का खरीदने की पूरी प्रक्रिया का डेमो देखा। उनको बताया गया कि किस तरह दीदियां मक्का को खरीद कर उसे बाजार तक बेचती हैं। मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि प्रचार-प्रसार सामग्रियों पर अंग्रेजी की जगह स्थानीय स्तर की भाषा का उपयोग किया जाए, ताकि लोग आसानी से उसे समझ सकें।
मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल में चलने वाले दीदी की रसोई के तहत बनने वाली खाद्य सामग्री की पूरी व्यवस्था को जाना; इस काम में लगे लोगों से बातचीत की। अरण्यक एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर जीविका दीदी श्रीमती किरण देवी ने 2009 में शुरू हुई कंपनी के अब तक के सफर को बताया। अर्पण महिला संकुल संघ से जुड़ी मधु देवी ने अपनी संस्था के कार्यकलापों को बताया।
ये भी थे मौजूद
इस दौरान जल संसाधन व ग्रामीण विकास मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद संतोष कुमार कुशवाहा, विधायक लेसी सिंह, कृष्ण कुमार ऋषि, बीमा भारती, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, आयुक्त पूर्णिया प्रमंडल राहुल रंजन महिवाल, आईजी सुरेश प्रसाद चौधरी, सचिव ग्रामीण विकास व जीविका के सीईओ बाला मुरुगन डी., डीएम राहुल कुमार, एसपी दयाशंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3s3QRZn
0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box